पुस्तक समीक्षा
कैकेयी : श्रीराम वनवास केवल चौदह वर्ष क्यों?
लेखक : विकास कपूर
रामायण को सदियों से पढ़ा, सुना और समझा गया है, परंतु उसके कुछ पात्र ऐसे भी हैं, जिन्हें इतिहास और लोकमानस ने एकतरफ़ा दृष्टि से देखा। माता कैकेयी उन्हीं में से एक हैं। जिन्हें राष्ट्रकवि मैथली शरण गुप्त की `साकेत’ में मिली सहानुभूति के दो पंक्तियों के अतिरिक्त युगों-युगों से केवल धिक्कारा गया। लेखक विकास कपूर की यह कृति “कैकेयी : श्रीराम वनवास केवल चौदह वर्ष क्यों” रामायण की पुनर्कथा नहीं, बल्कि उसकी सबसे अधिक निंदित और गलत समझी गई नारी-पात्र का गहन, संतुलित और गरिमामय पुनर्पाठ है।
इस ग्रंथ में कैकेयी को एक खलनायिका के रूप में नहीं, अपितु सौंदर्य, बुद्धि, साहस और विवेक से सम्पन्न एक महान नारी के रूप में प्रस्तुत किया गया है। बाल्यकाल से ही कैकेय राजकुमारी कैकेयी का ऐसा व्यक्तित्व उभरता है, जो केवल समाज में घट रही हिंसा से चिंतित नहीं होती, अपितु उसे समाप्त करने के लिए स्वयं संघर्ष के पथ पर अग्रसर होती है। अश्वारोहण, युद्धकला और अदम्य साहस के प्रसंगों में उनका शूरवीर रूप पाठक को प्रभावित करता है। दुर्धर्षराज सुमाली पर उनकी विजय और भगवान परशुराम का आशीर्वाद उनके चरित्र को एक दैवी ऊँचाई प्रदान करता है।
लेखक इस ग्रंथ के माध्यम से उस स्थापित मिथक को दृढ़ता से तोड़ता है, जिसमें रानी कैकेयी को श्रीराम वनवास का कारण मानकर दोषी ठहराया गया है। विकास कपूर अत्यंत प्रभावी तर्कों के साथ यह स्थापित करने में सफल रहते हैं कि यदि श्रीराम के जीवन में कैकेयी अंबा का प्रवेश न होता, तो संभवतः श्रीराम भी रघुवंश के अन्य राजाओं की भांति केवल अयोध्या के एक महान शासक बनकर ही सीमित रह जाते। कैकेयी अंबा के निर्णयों के कारण ही श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम और जन-जन के राम बने।
इस पुस्तक का केंद्रीय प्रश्न — “जब कैकेयी के पास दो अटल वरदान थे, तो उन्होंने श्रीराम के लिए केवल चौदह वर्षों का वनवास ही क्यों माँगा?” — इस प्रश्न को लेकर लेखक अपने चिंतन को दो दशकों से भी अधिक समय तक मथता रहा। इस जटिल प्रश्न का उत्तर लेखक विकास कपूर शास्त्रीय संकेतों, पौराणिक संदर्भों और दार्शनिक विवेचनाओं के माध्यम से अत्यंत सहज और संतुलित ढंग से प्रस्तुत करते हैं, जो पाठक को नए दृष्टिकोण से सोचने को विवश करता है।
ग्रंथ की भाषा सरल, प्रवाहपूर्ण और साहित्यिक है। इसकी पटकथा इतनी सशक्त है कि पाठक अनायास ही पूरी पुस्तक पढ़ने के लिए प्रेरित हो जाता है। “क्यों”, “सखी सप्तपदी भवः”, “मायावी की माया”, “कुबड़ी का प्रेम प्रसंग” और “भय प्रकट कपाला दीनदयाला” जैसे अध्याय हिंदी साहित्य की स्थायी धरोहर बनने की क्षमता रखते हैं।
आज की वह पीढ़ी, जो अध्यात्म और ग्रंथ-पठन से धीरे-धीरे दूर होती जा रही है, उनके लिए भी यह पुस्तक कठिन नहीं, बल्कि विचारोत्तेजक और आत्मीय अनुभव बन जाती है। यही कारण है कि यह कृति केवल एक साहित्यिक प्रयास नहीं, बल्कि युगों तक पढ़ी जाने वाली विचार-धरोहर प्रतीत होती है।
निष्कर्षतः, “कैकेयी : श्रीराम वनवास केवल चौदह वर्ष क्यों” माता कैकेयी के चरित्र को कलंक से मुक्त करती है, रामायण के उपेक्षित पात्रों को नई दृष्टि से देखने का अवसर देती है और पाठक के भीतर प्रश्न करने व गहराई से समझने की चेतना जगाती है। पौराणिक साहित्य में रुचि रखने वाले प्रत्येक पाठक के लिए यह एक अनिवार्य ग्रंथ है।

Author: Aman Deep Walia
Aman Deep Walia Founder/Editor-In-Chief Amanopedia News Aman Deep Walia, also known as Aadi, is an Indian media entrepreneur, actor, producer, writer, and director based in Mumbai, India. As the Founder and Editor-in-Chief of AMANOPEDIA News, he leads a fast-growing digital entertainment platform delivering verified industry updates, celebrity features, and cultural commentary across web and social media. With creative credits spanning films, theatre, and advertising. Aman brings a multidisciplinary perspective to storytelling. His work reflects a commitment to authenticity, versatility, and audience-driven narratives across genres. Beyond performance and production, he is actively engaged as a journalist and digital content creator, bridging mainstream cinema with emerging media formats. He has also contributed as a casting director and lyricist, further expanding his creative footprint within the Indian entertainment landscape. Through AMANOPEDIA, Aman continues to position himself at the intersection of journalism, cinema, and digital innovation.




